बीएमयू में स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, दिया रैगिंग-मुक्त परिसर का संदेश
रोहतक, गिरीश सैना। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के विधि संकाय में एंटी-रैगिंग सप्ताह के तहत स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. बी.एम. यादव और कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में विधि संकाय के एंटी-रैगिंग सेल द्वारा आईक्यूएसी के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और परिसर में सुरक्षित, सम्मानजनक व रैगिंग-मुक्त वातावरण को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने अपने स्लोगनों के माध्यम से रैगिंग के दुष्परिणामों के साथ आपसी सम्मान, सौहार्द और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में तृतीय वर्ष की छात्रा प्रिया ने प्रथम, तृतीय वर्ष के रितेश यादव व पीएचडी शोधार्थी कोमल ने दूसरा तथा अंतिम वर्ष के हर्ष सैनी, तृतीय वर्ष के मंथन व अनुराग ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि रैगिंग मनोरंजन नहीं, बल्कि विद्यार्थी के आत्मसम्मान और मानसिक शांति को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है। विधि संकाय के डीन डॉ. मनीष दलाल ने विजेताओं व प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि विवि का वातावरण प्रत्येक विद्यार्थी के लिए सुरक्षित और भयमुक्त होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से रैगिंग के खिलाफ जागरूक रहने और रैगिंग-मुक्त परिसर बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया। इस दौरान एंटी-रैगिंग सेल प्रभारी डॉ. रितु, आयोजन सचिव डॉ. परमिला सहित डॉ. अमित दलाल, डॉ. जयंत, डॉ. अन्नू और विद्यार्थी मौजूद रहे।
Girish Saini 

