बीएमयू में छह सप्ताह का एमएसएमई प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

बीएमयू में छह सप्ताह का एमएसएमई प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर, रोहतक के सहयोग से आयोजित छह सप्ताह का इंटर्नशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। समापन समारोह में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर के डिप्टी जनरल मैनेजर एवं मुख्य अतिथि अश्वनी कांत, मैनेजर एवं विशिष्ट अतिथि रंजय कुमार तथा की-नोट स्पीकर राहुल उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. बी.एम. यादव ने कहा कि वर्तमान तकनीकी दौर में विद्यार्थियों के लिए किताबी ज्ञान के साथ उद्योग की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक एवं तकनीकी दक्षता हासिल करना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नई तकनीकों से निरंतर अपडेट रहने और कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार ने प्रशिक्षण से अर्जित ज्ञान को शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन में प्रभावी ढंग से अपनाने का आह्वान किया। डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. नवीन कुमार और डायरेक्टर आईक्यूएसी डॉ. अरूप गिरि ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर के अधिकारियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डेटा इंजीनियरिंग जैसी उभरती तकनीकों की बढ़ती मांग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इनमें दक्षता विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं करियर के नए अवसर खोल सकती है।

इंजीनियरिंग संकाय के डीन एवं सीओई प्रो. मुकेश सिंगला ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव देकर उद्योग की बदलती जरूरतों के लिए तैयार करना रहा। इस दौरान कन्वीनर दीपिका शर्मा, को-कन्वीनर डॉ. सुदेश, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी कीर्ति अरोड़ा सहित शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।