सिरतार में ई-लाइब्रेरी होगी आधुनिक, दिव्यांगजनों को मिलेंगे बेहतर डिजिटल संसाधनः मंडलायुक्त
रोहतक, गिरीश सैनी। मंडलायुक्त एवं राज्य पुनर्वास प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान (सिरतार) प्रबंधन समिति की चेयरपर्सन मोनिका मलिक ने मंगलवार को संस्थान की 16वीं प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इससे पहले उन्होंने सिरतार का निरीक्षण कर दिव्यांगजनों के लिए संचालित शैक्षणिक, पुनर्वास और व्यावसायिक प्रशिक्षण सुविधाओं का जायजा लिया।
मंडलायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं, प्रशिक्षण कक्षों, पुस्तकालय और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा स्टाफ और दिव्यांग बच्चों से संवाद किया। उन्होंने संस्थान की ओर से दिव्यांगजनों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की और ई-लाइब्रेरी को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने ई-बुक्स, ई-जर्नल्स, डिजिटल अध्ययन सामग्री, ऑनलाइन शैक्षणिक संसाधनों और आईसीटी सुविधाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कहा कि इससे दिव्यांगजनों, शिक्षकों और प्रशिक्षकों को बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी। इस दौरान मंडलायुक्त ने प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ पौधारोपण भी किया।
बैठक में विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के बाद सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। अतिरिक्त उपायुक्त एवं सिरतार निदेशक नरेंद्र कुमार और प्राचार्य डॉ. एडी पासवान ने संस्थान की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।

Girish Saini 

