मतदाता सूचियों को त्रुटीरहित बनाने के उद्देश्य से एसआईआर 15 जून सेः एडीसी नरेंद्र कुमार

तीन चरणों में पूरा होगा एसआईआर का कार्य।

मतदाता सूचियों को त्रुटीरहित बनाने के उद्देश्य से एसआईआर 15 जून सेः एडीसी नरेंद्र कुमार

रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों अनुसार 15 जून 2026 से 14 जुलाई 2026 तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने परिवार का स्वयं की गणना के लिए ऑनलाइन गणना फॉर्म भरें। सभी बूथ स्तर अधिकारी भी परिजनों सहित ऑनलाइन गणना फॉर्म भरना सुनिश्चित करें। इस अभियान का  उद्देश्य मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं शुद्ध बनाना है ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाया जा सके।

एडीसी नरेंद्र कुमार ने सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ऑनलाइन गणना फॉर्म वही मतदाता भर सकते हैं, जिनके नाम आधार कार्ड एवं चुनाव पहचान पत्र में एक समान है। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्य की सतत निगरानी करें तथा निर्धारित समयावधि में सभी गतिविधियां पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक गणना एवं सत्यापन कार्य किया जाएगा। इसी अवधि में मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थित करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि के दौरान पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, संशोधन करवाने तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाने संबंधी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक सूचना चरण (जारी करने, सुनवाई, सत्यापन) गणना फार्मों पर निर्णय और दावों एवं आपत्तियों का ईआरओ द्वारा एक ही साथ निपटान किया जायेगा। इसके उपरांत 22 सितंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एसआईआर का कार्य तीन चरणों में पूरा होगा। प्रथम चरण में बूथ स्तर अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं के गणना फॉर्म वितरित किये जायेंगे तथा इसके बाद मतदाता द्वारा भरे गए यह गणना फॉर्म एकत्रित किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि गणना पत्र समय पर वितरित हो तथा निर्धारित अवधि के दौरान यह फॉर्म एकत्रित किये जाये।  

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी व बूथ स्तर अधिकारी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि संबंधित ग्रुप में एसआईआर से संबंधित वीडियो साझा की जाए ताकि संबंधित अधिकारियों को इस अभियान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने मतदाताओं का आह्वान किया कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन गणना फॉर्म भरते समय अपने मोबाइल फोन का उपयोग करें। 

इस अभियान की सफलता के लिए बूथ स्तर अधिकारियों का प्रशिक्षण भी आयोजित किया जा रहा है। इस कड़ी में रोहतक विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तर अधिकारियों को 2 स्तरों में प्रशिक्षण दिया गया। निर्वाचन तहसीलदार सरला ने पीपीटी के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षण विशाल सिंह, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, महम के एसडीएम विपिन कुमार, तहसीलदार यशपाल शर्मा, दिनेश सिंह, गुलाब सिंह, रवि कुमार, नायब तहसीलदार विजेंद्र कुमार, रघुवीर सिंह, राहुल बूरा, जितेंद्र, बीईओ सतेंद्र, संजय, सूरजभान, संजय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।