आंगन मिलन में बच्चों से संवाद किया श्रुति चौधरी ने, पोषण पर जोर
गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, पौधारोपण व हस्ताक्षर अभियान से दिया जागरूकता संदेश
रोहतक, गिरीश सैनी। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी बुधवार को मॉडल टाउन स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच पहुंची और उनके साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। सेवा संकल्प अभियान एवं पोषण माह के तहत आयोजित आंगन मिलन समारोह में उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म करवाई और पोषण, स्वास्थ्य व स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।
उन्होंने बच्चों से बातचीत कर आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों की जानकारी ली और महिलाओं-बच्चों को मिल रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को संतुलित व पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा प्रसव पूर्व और प्रसवोत्तर देखभाल के प्रति जागरूक किया।
श्रुति चौधरी ने कहा कि आंगन मिलन का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ना और महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में पौधारोपण, हस्ताक्षर और सेल्फी अभियान भी आयोजित किए गए। इस दौरान एसडीएम आशीष कुमार, शुगर मिल एमडी श्वेता सुहाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी सहित विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और लाभार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini

