15 हजार दीपों के साथ रोहतक में होगी श्रीराम महाआरती व दीप महोत्सव

22 जनवरी को अयोध्या से प्राण प्रतिष्ठा समारोह का होगा लाइव प्रसारण।

15 हजार दीपों के साथ रोहतक में होगी श्रीराम महाआरती व दीप महोत्सव

रोहतक, गिरीश सैनी । अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण रामलीला उत्सव कमेटी द्वारा रोहतक के नागरिकों के लिए किया जाएगा। रामलीला उत्सव कमेटी के मुख्य संरक्षक समाज सेवी राजेश जैन ने यह जानकारी दी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि पुरानी आईटीआई मैदान स्थित शहीद मदन लाल धींगड़ा सामुदायिक केंद्र में 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम का लाईव प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा।

समाजसेवी राजेश जैन ने बताया कि 22 जनवरी को सुबह 10 बजे हवन के बाद, उद्घाटन समारोह सुबह 11 बजे भगवान राम का पंच अभिषेक व 11 बजे से 1.00 बजे तक अयोध्या धाम का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1.00 बजे श्रद्धालुओं को महा प्रसाद वितरित किया जाएगा। सायं 3.00 से 6.00 बजे तक प्रेम संकीर्तन मंडल द्वारा सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या की जाएगी। सायं 6.00 बजे श्रीराम की महाआरती व दीप महोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें 15 हजार दीप जलाकर इस उत्सव को दीपावली की भांति मनाया जाएगा। इसके उपरांत विशाल भण्डारे का आयोजन व अयोध्या से लाया गया प्रसाद वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुंदरकांड पाठ के लिए 108 चौकी लगाई जाएंगी। आगरा के कारीगरों द्वारा मिट्टी की रामलला की मनमोहक 51 इंच की मूर्ति बनाई गई है। 20 फुट लंबा, 10 फुट चौड़ा व 15 फुट ऊंचा मंदिर का स्वरूप राम मंदिर की तर्ज पर उड़ीसा के कारीगरों द्वारा बनाया जाएगा। दिल्ली की रंग बिरंगी आतिशबाजी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

रामलीला उत्सव कमेटी के प्रधान सुभाष तायल ने कहा कि रामलला के अयोध्या धाम में पधारने के उपलक्ष्य में 14 जनवरी मकर संक्रांति से 22 जनवरी तक सभी अपने घरों, मंदिरों व आस पास की सफाई करें। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर अपने घरों में भी राम ज्योति जला कर दीपावली मनाए। साथ ही विश्व शांति के लिए अपने घर व पास के मंदिरों में एक दीपक अवश्य जलाएं। इस मौके पर कार्यक्रम की निमंत्रण पत्रिका का भी विमोचन किया गया। इस अवसर पर शंकर लाल मित्तल, विजय बाबा, जयभगवान ऐरन, रमेश रोहिल्ला, गुलशन निझावन, राजीव जैन, सुशील मंगला, सतीश भारद्वाज, रामकुमार पंचाल, सन्नी निझावन, शीतल, उमा गोयल, संतोष, मीना सिंगल, आशा गर्ग, ममता ऐरन, बृजबाला गुप्ता, ममता मल्होत्रा, संतोष जैन आदि मौजूद रहे।