श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ
महामंडलेश्वर कपिलपुरी महाराज ने कलश यात्रा को दिखाई झंडी।
रोहतक, गिरीश सैनी। श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के प्रथम दिवस का शुभारंभ बाबा लक्ष्मणपुरी डेरा, गौकर्ण धाम से पीठाधीश्वर, जूना अखाड़ा के उप-आचार्य, महामंडलेश्वर स्वामी कपिलपुरी महाराज के सान्निध्य में हुआ। उन्होंने कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
महामंडलेश्वर कपिलपुरी महाराज ने कहा कि भागवत कथा का श्रवण मनुष्य जीवन का परम सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि धर्म, भक्ति और प्रेम के मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति ही सच्चे अर्थों में ईश्वर का प्रिय बनता है।
कथा व्यास आचार्य देवशरण ने पहले दिन श्रीमद्भागवत महापुराण के महात्म्य प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि भागवत कथा सुनने से मनुष्य के जीवन में सद्गुण, शांति और आनंद का संचार होता है। उन्होंने कहा कि ईश्वर को समर्पण ही मोक्ष का मार्ग है, और भक्ति में लीन रहकर ही मनुष्य सांसारिक दुखों से मुक्त हो सकता है। इस दौरान रिंकू कपूर, उषा खन्ना, वर्षा, पूजा, निशा, राजेंद्र, मल्केराज, प्रेम सैनी, बिल्लू, मोतीलाल, विनोद खन्ना, रामपत सैनी, धर्मपाल सैनी, लोकेश शर्मा, योगेश शर्मा, माधव दीक्षित सहित काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Girish Saini 


