सैनिकों के अनुभव से युवाओं को दिखाएं सही राहः डॉ अर्चना गुप्ता

राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पहुंची भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, पूर्व सैनिकों से सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान।

सैनिकों के अनुभव से युवाओं को दिखाएं सही राहः डॉ अर्चना गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा वीरों और सैनिकों की धरती है। देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को नमन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सेवानिवृत्ति के बाद भी पूर्व सैनिक अपने अनुभव, अनुशासन और सेवा भावना से समाज और राष्ट्र के प्रहरी बने रह सकते हैं।

शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत दिल्ली बाईपास स्थित राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पहुंची डॉ. गुप्ता ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद पूर्व सैनिकों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने वीर योद्धाओं का सम्मान किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश सचिव प्रतिभा सुमन व नागेंद्र शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर खरक, सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

डॉ गुप्ता ने कहा कि पूर्व सैनिक युवाओं को अनुशासन और जिम्मेदारी की राह दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद सेना को आतंकवाद और सीमापार हमलों का जवाब देने के लिए अधिक स्वतंत्रता मिली। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए दृढ़ता से जवाब दे रहा है। सेना में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को भी उन्होंने गर्व का विषय बताया।

उन्होंने पूर्व सैनिकों से सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, पौधारोपण और जरूरतमंद बच्चों की मदद जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने 2 अक्टूबर के गांव-गांव स्वच्छता अभियान में सहयोग मांगा और कहा कि एक युवा को भी सही दिशा देना बड़ी देशसेवा है।