सुपवा में शुरू हुआ छात्रों के 8 म्यूजिक वीडियो का शूट
12 अक्टूबर तक चलेगा शूटिंग शेड्यूल, अलग-अलग टीमों को सौंपी जिम्मेदारी
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में फिल्म एवं टेलीविजन (एफटीवी) फैकल्टी के छात्रों के म्यूजिक वीडियो प्रोजेक्ट्स की शूटिंग शुक्रवार से शुरू हो गई। पहले दिन आउटडोर लोकेशन्स पर शूटिंग की गई। आठ म्यूजिक वीडियो का यह शूटिंग शेड्यूल 12 अक्टूबर तक चलेगा।
एफसी महेश टीपी ने बताया कि ये प्रोजेक्ट एफटीवी के 2022 बैच के छात्रों की पांचवें सेमेस्टर की पढ़ाई का हिस्सा हैं। लंबे समय से लंबित शूट शुरू होने से छात्रों को अपने कोर्स वर्क को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कुलपति डॉ. अमित आर्य छात्रों के कोर्स का बैकलॉग खत्म करने को लेकर गंभीर हैं और उन्होंने सभी शूट समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि आठों म्यूजिक वीडियो के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। इनमें डायरेक्शन, सिनेमेटोग्राफी, एडिटिंग और ऑडियोग्राफी के छात्र शामिल हैं। छात्र अपने-अपने प्रोजेक्ट में निर्देशक, सिनेमेटोग्राफर, एडिटर और ऑडियोग्राफर की जिम्मेदारी संभालेंगे।
विवि प्रशासन ने शूटिंग के लिए यूनिट मैनेजर तैनात किए हैं। वहीं कैमरे, लाइट, जनरेटर सहित आवश्यक तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था भी की गई है। लगातार एक महीने चलने वाले इस शूटिंग शेड्यूल का उद्देश्य छात्रों के लंबित प्रोजेक्ट्स को समयबद्ध तरीके से पूरा कराना है।

Girish Saini 

