पीजीआईएमएस, रोहतक में बायो स्टेटिस्टिक्स एंड सर्वाइवल एनालिसिस विषय पर सात दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला संपन्न
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक के मल्टी-डिसिप्लिनरी रिसर्च यूनिट एवं साइंस-टेक इंस्टीट्यूट, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में चल रही बायो स्टेटिस्टिक्स एंड सर्वाइवल एनालिसिस विषय पर सात दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला बुधवार को संपन्न हुई। इस कार्यशाला में देशभर के विभिन्न मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग, पैरामेडिकल, पब्लिक हेल्थ एवं रिसर्च संस्थानों से जुड़े 500 से अधिक चिकित्सकों, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यशाला का उद्देश्य स्वास्थ्य अनुसंधान में बायो स्टेटिस्टिक्स एवं सर्वाइवल एनालिसिस की उपयोगिता को समझाना तथा प्रतिभागियों को आधुनिक सांख्यिकीय तकनीकों एवं रिसर्च मेथोडोलॉजी का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा अध्ययन डिज़ाइन, सैंपलिंग तकनीक, सैंपल साइज निर्धारण, एपिडेमियोलॉजिकल स्टडी, मेटा एनालिसिस, हाइपोथेसिस टेस्टिंग, क्लिनिकल ट्रायल तथा सर्वाइवल एनालिसिस जैसे विषयों पर विस्तृत व्याख्यान दिए गए।
इस दौरान प्रतिभागियों को सॉफ्टवेयर के माध्यम से डेटा विश्लेषण का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। विशेषज्ञ वक्ताओं ने तकनीकों को सरल एवं प्रभावी उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
आयोजन अध्यक्ष एवं निदेशक पीजीआईएमएस, रोहतक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि संस्थान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर नवाचार और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। आयोजन सचिव डॉ. संजय कुमार ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को डिजिटल अध्ययन सामग्री, रिकॉर्ड लेक्चर एवं 7 क्रेडिट घंटे सहित प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. एस.के. सिंह ने बताया कि कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों एवं विशेषज्ञों के बीच संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए, जिनमें शोध से संबंधित समस्याओं एवं सांख्यिकीय विश्लेषण से जुड़े प्रश्नों का समाधान किया गया।

Girish Saini 

