पीजीआईएमएस में बॉयोस्टैटिसटिक्स एवं सर्वाइवल एनालिसिस पर सात दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला शुरू
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक के मल्टी-डिसिप्लिनरी रिसर्च यूनिट एवं साइंस-टेक इंस्टीट्यूट, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में बायो स्टेटिस्टिक्स एंड सर्वाइवल एनालिसिस विषय पर सात दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला वीरवार को प्रारंभ हुई। कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक पं. बी.डी. शर्मा यूएचएस, रोहतक के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल हैं। आयोजन की अध्यक्षता पीजीआईएमएस, रोहतक के निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल कर रहे हैं।
इस कार्यशाला में देशभर से मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग, पैरामेडिकल एवं शोध क्षेत्र से जुड़े 500 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिभागियों को सफलतापूर्वक कार्यशाला पूर्ण करने पर हरियाणा चिकित्सा परिषद, भारत द्वारा 7 क्रेडिट घंटे सहित प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन सचिव एवं एमआरयू नोडल अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अनुसंधान से जुड़े शोधार्थियों, चिकित्सकों, संकाय सदस्यों तथा विद्यार्थियों को बॉयोस्टैटिसटिक्स और सर्वाइवल एनालिसिस की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना है। इस दौरान रिसर्च मेथडोलॉजी, स्टडी डिजाइन, हाइपोथेसिस टेस्टिंग, एसपीएसएस आधारित डेटा एनालिसिस, एपिडेमियोलॉजिकल स्टडी, सिस्टेमेटिक रिव्यू तथा सर्वाइवल एनालिसिस से संबंधित विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिभागियों को प्रायोगिक प्रशिक्षण एवं लाइव डेमोंस्ट्रेशन का भी अवसर मिलेगा। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने तथा शोध संबंधी समस्याओं के समाधान का अवसर भी प्राप्त होगा।

Girish Saini 

