26 सितंबर तक सेवा सेतु शिविर, सरकारी योजनाओं की सुविधाएं घर के पास मिलेंगीः उपायुक्त

26 सितंबर तक सेवा सेतु शिविर, सरकारी योजनाओं की सुविधाएं घर के पास मिलेंगीः उपायुक्त

रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के पात्र लोगों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने के लिए पुरानी आईटीआई मैदान स्थित शहीद मदन लाल धींगड़ा सामुदायिक केंद्र में सेवा सेतु शिविर लगाया गया है। तीन दिवसीय शिविर 26 सितंबर तक चलेगा।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने पात्र नागरिकों से शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक सीधे पहुंचाना है, ताकि पात्र परिवार इनका लाभ लेकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए हैं। यहां पात्रता के आधार पर नागरिकों को उनकी जरूरत और इच्छा के अनुरूप योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर ही लोगों की सहायता कर रहे हैं।

महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक मुकुंद तंवर को सेवा सेतु शिविरों का नोडल अधिकारी बनाया गया है। वे विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग कर रहे हैं।