17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, घर-घर पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की मदद

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, घर-घर पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की मदद

रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी गतिविधियों को गति देने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी गतिविधियां पूरे उत्साह और प्रभावी समन्वय के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाना है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को पिछले 12 वर्षों में जिले में करवाए गए प्रमुख विकास कार्यों की विभागवार सूची तैयार करने के साथ विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का डाटा भी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि का समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार शिविरों में नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ लेने में आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। डीसी ने इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

अभियान के दौरान आशीर्वाद का दीया, सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय नवाचार चुनौतियां और जन सेवक महाकुंभ समेत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

बैठक में एडीसी नरेंद्र कुमार, सांपला की एसडीएम अंकिता पुंवार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह व नमिता सिंह, रोहतक सहकारी चीनी मिल की एमडी श्वेता सुहाग, नगराधीश शुभम, सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।