17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, तैयारियों में जुटा प्रशासन
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने उपायुक्तों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लिया तैयारियों का जायजा।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के प्रत्येक मॉड्यूल के तहत गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने विशेष रूप से सेवा रंग मॉड्यूल के तहत अधिकारियों की ड्यूटी तय कर गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने को कहा। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं प्रधान सचिव केएम पांडुरंग ने आशीर्वाद का दीया मॉड्यूल को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने अभियान के विभिन्न मॉड्यूल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डीएलसी सुपवा द्वारा केंद्र व प्रदेश सरकार की गत 12 वर्षों की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री तैयार की जाएगी, जिसका 17 सितंबर को प्रसारण होगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग उपरांत उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग गतिविधियों के लिए पहले से तैयारी पूरी करें और अभियान का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रभाव सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध करवाया जाएगा।
पहले दिन आशीर्वाद का दीया और रक्तदान मॉड्यूल के तहत बूथ स्तर और धार्मिक स्थलों पर पारंपरिक दीप जलाने के साथ रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। शिक्षा विभाग सेवा चित्र के तहत प्रतियोगिताएं, जबकि कला एवं संस्कृति विभाग सेवा स्मरण के तहत नुक्कड़ नाटक आयोजित करेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग आंगन का मिलन के तहत पोषण संबंधी गतिविधियां करवाएगा।
कहानी बदलाव में लाभार्थियों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी। सेवा मेरा योगदान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो स्थानों पर 25 चिन्हित सेवाओं से जुड़ी गतिविधियां होंगी। सेवा सेतु के तहत खंड स्तर पर पात्र लोगों को मौके पर सेवाओं का लाभ मिलेगा। वहीं सेवा रंग के तहत रंगोली व भारत मंडल आकृतियां बनाई जाएंगी।
इस दौरान एडीसी नरेंद्र कुमार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, नगराधीश शुभम, डीडीपीओ राजपाल चहल, सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

