सेवा संकल्प अभियान का आगाज, गांव-गांव पहुंचेगा इलाज
तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट रवाना; टीकाकरण, जांच और मातृत्व सेवाओं समेत कई स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं संकल्प के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिले में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला नागरिक अस्पताल में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार र मेयर राम अवतार ने दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय के करीब पहुंचाने में मदद करेंगी।
अभियान के तहत जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में विशेष टीकाकरण, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, निरोगी स्वास्थ्य शिविर, गैर-संचारी रोगों की जांच, दंत चिकित्सा और हीमोग्लोबिन जांच शिविर लगाए गए। गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
हीमोग्लोबिन जांच के जरिए एनीमिया की पहचान के साथ एनीमिया मुक्त भारत के 100 दिवसीय अभियान की शुरुआत भी की गई। लाभार्थियों को आभा आईडी बनाने में सहयोग देने के साथ पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीमों ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच की, जबकि पोषण माह के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से जागरूकता गतिविधियां आयोजित हुईं। भगवतीपुर और रेलवे स्टेशन पर रक्तदान शिविर भी लगाए गए।
सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा ने लोगों से स्वास्थ्य विभाग की जांच एवं उपचार सुविधाओं का लाभ उठाने और परिवार के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।

Girish Saini 

