सेवा संकल्प अभियान का आगाज आज, रोहतक में जगमगाएंगे हजारों दीये

उपायुक्त सतबीर सिंह ने दिए जरूरी दिशा निर्देश।

सेवा संकल्प अभियान का आगाज आज, रोहतक में जगमगाएंगे हजारों दीये

रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा एवं संकल्प काल के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उपायुक्तों और अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान के विभिन्न मॉड्यूल के तहत निर्धारित गतिविधियां प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।

लघु सचिवालय में समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा निर्धारित सभी गतिविधियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए और कार्यक्रमों की रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया जाए। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को शाम 6:30 से 7:30 बजे तक जिलेभर में आशीर्वाद का दीया मॉड्यूल के तहत हजारों दीये जलाए जाएंगे।

जिला स्तर का मुख्य कार्यक्रम एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के चिन्हित स्थलों पर होगा, जहां हजारों दीयों के साथ विशेष रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा एलिवेटेड रोड, सरकारी भवनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सभी 831 मतदान केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत चौपालों, प्रमुख विकास परियोजनाओं, गौशालाओं और धार्मिक स्थलों पर भी दीये जलाए जाएंगे।

सांपला में चौ. छोटू राम प्रतिमा स्थल तथा महम की ऐतिहासिक बावड़ी को भी रोशनी और दीयों से सजाया जाएगा। चारों विधानसभा क्षेत्रों में 30-30 हजार दीये जलाने की योजना है। जिला प्रशासन ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को खाद्य एवं पूर्ति विभाग के माध्यम से दीये वितरित किए हैं।

उपायुक्त ने जिले वासियों से अपने घरों में सरसों के तेल के दीये जलाकर अभियान में भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र से प्रतिदिन कम से कम दो रील सोशल मीडिया पर साझा करने के निर्देश भी दिए।

अतिरिक्त उपायुक्त एवं अभियान प्रभारी नरेंद्र कुमार ने अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहीद स्मारक पर दीये व रोशनी तथा शहरी क्षेत्र में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। समीक्षा बैठक में सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, एसडीएम आशीष कुमार, रोहतक सहकारी चीनी मिल की एमडी श्वेता सुहाग, नगराधीश शुभम, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, सहित अन्य उच्च अधिकारी मौजूद रहे।