भाजपा की नीतियों का दर्पण है सेवा पखवाड़ाः डा. सतीश पूनिया

रोहतक में कार्यकर्ताओं को दी सेवा पखवाड़ा की कार्य योजनाओं की जानकारी।

भाजपा की नीतियों का दर्पण है सेवा पखवाड़ाः डा. सतीश पूनिया

रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक भाजपा द्वारा आयोजित किए जाने वाले सेवा पखवाड़ा की तैयारियों की कड़ी में शुक्रवार को रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय मंगल कमल में एक कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई।

कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने की। इस दौरान प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, सेवा पखवाड़ा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री डा.अर्चना गुप्ता व सुरेंद्र पूनिया, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सेवा पखवाड़ा के प्रदेश संयोजक विधायक योगेंद्र राणा व प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल मौजूद रहे।

प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने सेवा पखवाड़ा को कार्यकर्ताओं के जनता से सीधा जुड़ने और पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा भाजपा की नीतियों का दर्पण है। प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। हमारे कार्यकर्ता जनता के संपर्क में रहते हुए कार्य करते हैं। सेवा पखवाड़ा के प्रदेश प्रभारी नरेश बंसल ने सेवा पखवाड़ा के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। 

कार्यशाला के बाद मीडिया से संवाद करते हुए डा. पूनिया ने कहा कि राहुल गांधी की बात कितने भरोसे की होती है देश अच्छी तरह से जानता है। राहुल के बयानों से देश नहीं चलता। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का विरोध करना ही कांग्रेस नेताओं की सोच बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता की मांग और सुझाव पर मोदी सरकार ने जीएसटी रिफार्म किया है, जिसका फायदा किसानों, विद्यार्थियों, छोटे उद्योगों व आम आदमी को मिलेगा। प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि कार्यकर्ता 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होने वाले कार्यक्रमों में मोदी और नायब सरकार का प्रचार प्रसार भी करें।

राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष एवं सेवा पखवाड़ा अभियान के प्रदेश प्रभारी नरेश बंसल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को जिला व मंडल स्तर पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के 75 वर्ष के होने पर भाजपा ने जिला व मंडल स्तर पर 75 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा है। 21 सितंबर को मोदी मैराथन का आयोजन विधानसभा स्तर पर होगा। साथ ही स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे। स्वच्छता अभियान का साथ ही पीएम मोदी के जीवन और मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर जिला स्तर पर प्रदर्शनियां लगेंगी। 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती बूथ स्तर पर मनाई जाएगी और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधे लगाए जाएंगे। प्रदेश व जिला स्तर पर दिव्यांग सम्मान समारोह होंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिव्यांगों को कृत्रिम अंग प्रदान करेंगे।