मानव कल्याण और समाजसेवा को समर्पित रहा सेठ किशन दास का जीवनः कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
पूर्व मंत्री के जन्म शताब्दी वर्ष के तहत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। पद्मश्री सेठ श्रीकिशन दास की जन्म शताब्दी पर रोहतक में आयोजित समारोह में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय गोहाना रोड स्थित कृष्णा फार्म हाउस पर आयोजित समारोह में कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, विधायक सावित्री जिंदल, सांसद नवीन जिंदल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता, पूर्व सांसद डीपी वत्स, पूर्व मंत्री किरण चौधरी, सोनीपत मेयर राजीव जैन, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका, सहित अन्य गणमान्य जन ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। समारोह में स्वामी काली दास, महामंडलेश्वर राघवेंद्र भारती, महामंडलेश्वर कपिल पुरी ने आशीर्वाद दिया।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सेठ श्रीकिशन दास का जीवन समाज सेवा, संस्कार और मानव कल्याण के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण रहा। उनके सेवा भाव और त्याग से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा लेनी चाहिए।
जन्म शताब्दी वर्ष के तहत रोहतक में विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सीनियर सिटीजन क्लब में स्वास्थ्य जांच शिविर में 248 लोगों की जांच हुई, जबकि गोकर्ण मंदिर में 164 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। खटीक धर्मशाला में नेत्र एवं मैमोग्राफी जांच शिविर में 226 लोग जांच कराने पहुंचे। अंबेडकर चौक पर रक्तदान शिविर में 51 लोगों ने रक्तदान किया। पीजीआईएमएस और सोनीपत स्टैंड पर भंडारे भी आयोजित किए गए।
पूर्व मेयर मनमोहन गोयल ने कहा कि सेठ श्रीकिशन दास ने अपना जीवन मानव और प्राणी समाज की सेवा को समर्पित किया। जन्म शताब्दी को सेवा से जोड़ते हुए जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य, शिक्षा और सहायता पहुंचाने के लिए कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जरूरतमंद बच्चों के लिए कोचिंग कक्षा तथा सिलाई मशीन और प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

Girish Saini 

