सिरतार में हुई दिव्यांग बच्चों की स्वास्थ्य जांच, योग सेहत पर दिया जोर

विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अभिभावकों को भी दिया आवश्यक परामर्श

सिरतार में हुई दिव्यांग बच्चों की स्वास्थ्य जांच, योग सेहत पर दिया जोर

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय राज्य पुनर्वास प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान (सिरतार) में दिव्यांग बच्चों के लिए एक दिवसीय योग एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। संस्थान की प्राचार्या एवं जिला कल्याण अधिकारी रेणू सिसोदिया की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

विशेष योग शिक्षक सौरभ ने बच्चों, अभिभावकों एवं कर्मचारियों को सूक्ष्म व्यायाम और योगाभ्यास करवाया। उन्होंने नियमित योग के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक लाभों की जानकारी दी।

वहीं, पीजीआईएमएस की मनोरोग विभागाध्यक्षा डॉ सुजाता सेठी के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने दिव्यांग बच्चों की स्वास्थ्य जांच की। टीम में डॉ. प्रणव, डॉ. जैसलीन और डॉ. आयुषी शामिल रहे। इस दौरान बच्चों एवं अभिभावकों को आवश्यक चिकित्सा परामर्श और नियमित काउंसलिंग के महत्व से अवगत करवाया गया। साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभों की स्थिति जानने के लिए फॉलो अप प्रपत्र भी भरवाए गए।

समापन पर जिला कल्याण अधिकारी ने चिकित्सकीय टीम और योग शिक्षक का आभार जताते हुए कहा कि संस्थान दिव्यांग बच्चों के स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित करता रहेगा।