वरिष्ठ नागरिक कर सकेंगे सोमनाथ मंदिर की निशुल्क तीर्थ यात्रा, आवेदन 6 जून तक

सीएम नायब सिंह सैनी 8 जून को कुरुक्षेत्र से विशेष ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी।

वरिष्ठ नागरिक कर सकेंगे सोमनाथ मंदिर की निशुल्क तीर्थ यात्रा, आवेदन 6 जून तक

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क धार्मिक एवं आध्यात्मिक यात्राओं का अवसर प्रदान कर रही है। इसी कड़ी में आगामी 8 जून को कुरुक्षेत्र से सोमनाथ मंदिर के लिए विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर आयोजित की जा रही इस विशेष यात्रा के माध्यम से प्रदेश के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों में शामिल सोमनाथ मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष तथा अखंड आस्था के 1000 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा यह विशेष पहल की गई है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को आवास, भोजन, परिवहन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं पूर्णत: निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। यात्रा का संपूर्ण खर्च हरियाणा सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। इच्छुक वरिष्ठ नागरिक 6 जून तक सरल हरियाणा पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। साथ ही परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम होनी आवश्यक है। आवेदक हरियाणा का स्थायी निवासी होना चाहिए तथा उसके पास परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) होना अनिवार्य है। सभी पात्र लाभार्थी 6 जून तक लघु सचिवालय स्थित जिला सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा अधिकारी कार्यालय में अपनी जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि यात्रा संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जा सकें।