कैंसर से बचाव के लिए जीवनशैली विषय पर सेमिनार आयोजित
रोटरी क्लब ऑफ रोहतक द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया तथा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। बतौर मुख्य अतिथि, समाजसेवी राजेश जैन ने शिरकत की।
रोहतक, गिरीश सैनी। रोटरी क्लब ऑफ रोहतक द्वारा आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया तथा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। बतौर मुख्य अतिथि, समाजसेवी राजेश जैन ने शिरकत की।
कैंसर सर्जन डॉ. रणदीप सिंह ने कैंसर से बचाव के लिए जीवनशैली विषय पर व्याख्यान में बताया कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, अनियमित खान-पान और तनाव कैंसर जैसी बीमारियों के प्रमुख कारण बन रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि हम अपने दैनिक जीवन में कुछ सरल लेकिन महत्वपूर्ण बदलाव अपनाएं, जैसे संतुलित एवं पौष्टिक भोजन का सेवन, ताजे फल एवं हरी सब्जियों को भोजन में शामिल करना, तंबाकू एवं नशीले पदार्थों से दूर रहना तथा नियमित व्यायाम एवं योग करना, तो कैंसर होने की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसी भी बीमारी का प्रारंभिक अवस्था में ही पता लगाया जा सके और उसका उचित उपचार समय पर किया जा सके।
मुख्य अतिथि राजेश जैन ने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में हम अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं, जो आगे चलकर गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि यदि हम प्राकृतिक एवं संतुलित भोजन को अपनाएं, नियमित रूप से व्यायाम करें तथा समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाएं, तो हम न केवल अपने शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं, बल्कि कई गंभीर बीमारियों से भी बचाव कर सकते हैं।
इस दौरान डॉ. अरुण नरूला, डॉ. सतीश गुलाटी, डॉ. अर्जुन नरूला, डॉ. भूषण कथूरिया, अंशुल पठानिया सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।

Girish Saini 

