राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जीयू में संगोष्ठी आयोजित

राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जीयू में संगोष्ठी आयोजित

गुरुग्राम, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच एवं गुरुग्राम विवि के संयुक्त तत्वावधान में नो मोर पाकिस्तान विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य देश की राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति समाज विशेषकर युवाओं को जागरूक करना था।

बतौर मुख्य अतिथि, कुलपति डॉ. संजय कौशिक ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और मजबूती के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक का जागरूक और जिम्मेदार होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी के साथ समाज में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राजपाल सिंह (आईपीएस, आईजी सेवानिवृत्त) ने कहा कि देश की सुरक्षा केवल सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। मुख्य वक्ता विक्रमादित्य सिंह (राष्ट्रीय संगठन महामंत्री) ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रवाद की भावना को सुदृढ़ करने को समय की आवश्यकता बताते हुए युवाओं से राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. नीरा वर्मा ने भी छात्रों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. अशोक दिवाकर (विभाग प्रमुख, सद्भावना संगठन) ने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। कार्यक्रम का संचालन प्रो. रानी देवी ने किया। इस दौरान प्राध्यापक, शोधार्थी, विद्यार्थी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।