दोआबा कॉलेज में इनोवेशन एवं स्वरोजगार पर सैमीनार आयोजित

दोआबा कॉलेज में इनोवेशन एवं स्वरोजगार पर सैमीनार आयोजित
दोआबा कॉलेज में डॉ. सोनिया चावला उपस्थिति को सम्बोधित करते हुए ।

जालन्धर, 16 नवंबर, 2026: दोआबा कॉलेज, जालन्धर के पोस्ट ग्रेजुएट विभाग कॉमर्स एंड बिजनेस मैनेजमेंट द्वारा विद्यार्थियों में उद्यमशील सोच विकसित करने तथा उन्हें नवाचार एवं स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से इनोवेशन एवं स्वरोजगार विषय पर एक ज्ञानवर्धक सैमीनार का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर एनआईटी जालंधर के ह्यूमैनिटीज एंड मैनेजमेंट विभाग की प्रोफेसर डॉ. सोनिया चावला ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। विभागाध्यक्ष प्रो. नरेश मल्होत्रा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा सम्मानित किया। डॉ. सोनिया चावला ने उद्यमिता की संपूर्ण प्रक्रिया पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने नए व्यावसायिक विचारों के सृजन, बिजनेस पिचिंग, प्रोटोटाइप के सत्यापन तथा प्रारंभिक स्तर पर व्यावसायीकरण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने नवोदित उद्यमियों के लिए उपलब्ध विभिन्न वित्तीय सहायता योजनाओं एवं संस्थागत सहयोग के अवसरों से भी विद्यार्थियों को परिचित करवाया। इनमें DST NIDHI-PRAYAS, MSME Incubation Scheme, डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम सीड फंडिंग, कैंपस फंड तथा NCIE स्टार्टअप प्रोग्राम' प्रमुख रहे। उनके व्याख्यान ने विद्यार्थियों को अपने नवीन विचारों को सफल एवं व्यावहारिक व्यावसायिक उपक्रमों में परिवर्तित करने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज के प्रि. डॉ. प्रदीप भंडारी ने इस सार्थक एवं ज्ञानवर्धक सेमिनार के आयोजन के लिए विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा स्नातकों में नवाचार एवं उद्यमशीलता की भावना विकसित करना समय की महत्त्वपूर्ण आवश्यकता है। इससे युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाले न रहकर रोजगार सृजित करने वाले, नवाचार के अग्रदूत तथा राष्ट्र की आर्थिक समृद्धि में योगदान देने वाले जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं।
सेमिनार का समापन प्रो. रजनी धीर द्वारा प्रस्तुत औपचारिक धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। इस अवसर पर विभाग के अन्य प्राध्यापक भी उपस्थित रहे।