सेमीकंडक्टर और नैनो टेक्नोलॉजी बदल रही दुनिया की तस्वीरः कुलपति प्रो. विजय कुमार

जीजेयू में अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस, 18 देशों के 570 से अधिक प्रतिभागी ले रहे हिस्सा

सेमीकंडक्टर और नैनो टेक्नोलॉजी बदल रही दुनिया की तस्वीरः कुलपति प्रो. विजय कुमार

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में इलेक्ट्रॉनिक्स मैटेरियल्स, सेमीकंडक्टर डिवाइस एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी विषय पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस (आईसीईएमएसईटी-2026) शुरू हुई। फिजिक्स विभाग और मेटा साइंटेक सोसायटी, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में 18 देशों के 570 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

एनआईटी कुरुक्षेत्र के पूर्व डीन प्रो. शिव कुमार चक्रवर्ती ने उद्घाटन सत्र में कहा कि भौतिक विज्ञान सभी विज्ञानों की मां और गणित सभी विज्ञानों का पिता है। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करने के लिए विज्ञान के इतिहास से भी परिचित कराना जरूरी है।

कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि सेमीकंडक्टर, नैनो टेक्नोलॉजी, फोटोनिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी तकनीकें दुनिया को नया आकार दे रही हैं। भारत की वैज्ञानिक विरासत और मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया व आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियान देश की प्रगति के आधार हैं। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य के लिए विश्व स्तरीय अनुसंधान पर जोर दिया।

कॉन्फ्रेंस संयोजक प्रो. राजेंद्र कुंडू ने बताया कि इसमें 41 विदेशी वक्ता व्याख्यान देंगे। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विजय कुमार सहित अन्य शिक्षाविद मौजूद रहे।