स्कूली विद्यार्थियों ने किया यूआईईटी का शैक्षणिक भ्रमण, जाना इंजीनियरिंग का भविष्य

स्कूली विद्यार्थियों ने किया यूआईईटी का शैक्षणिक भ्रमण, जाना इंजीनियरिंग का भविष्य

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मदीना और सिसर खास के करीब 100 विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के साथ दोनों विद्यालयों के आठ शिक्षक भी मौजूद रहे।

भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, इंजीनियरिंग की विभिन्न शाखाओं और आधुनिक प्रयोगशालाओं से परिचित करवाना था। इस दौरान विद्यार्थियों ने यूआईईटी के विभिन्न विभागों और प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। संस्थान के शिक्षकों एवं तकनीकी स्टाफ ने उन्हें प्रयोगशालाओं में उपलब्ध उपकरणों, उनके व्यावहारिक उपयोग और विभिन्न इंजीनियरिंग क्षेत्रों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने अनुसंधान एवं शैक्षणिक गतिविधियों को समझने के साथ अपने सवालों के जवाब भी प्राप्त किए।

यूआईईटी निदेशक प्रो. विनीत कुमार ने कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के अवसरों से परिचित करवाने के साथ भविष्य में करियर चयन के लिए प्रेरित करते हैं। विजिट कमेटी की संयोजक डॉ. मंजू बाला ने भ्रमण का समन्वय किया। डॉ. कीर्ति, डॉ. विकास ढुल और डॉ. अमित कुमार ने भी सहयोग दिया। विद्यालयों के शिक्षकों ने संस्थान प्रबंधन का आभार जताया।