आत्मनिर्भर हरियाणा, आत्मनिर्भर भारत का मजबूत स्तंभ: अरुण सिंह
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव, राज्यसभा सांसद व आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के राष्ट्रीय संयोजक अरुण सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर हरियाणा ही आत्मनिर्भर भारत का मजबूत स्तंभ है। डबल इंजन सरकारों से आत्मनिर्भर हरियाणा का संकल्प साकार होगा। अरुण सिंह रविवार को स्थानीय लालनाथ हिन्दू कॉलेज में आयोजित आत्मनिर्भर भारत अभियान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उपस्थित जन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा इस बात पर चिंतन करते हैं कि देश कैसे आत्मनिर्भर बने। उनका कहना है कि हम आत्मनिर्भर भारत के माध्यम से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे। प्रधानमंत्री के आह्वान पर ही स्वदेशी का यह अभियान देश भर में चलाया जा रहा है और पार्टी कार्यकर्ता समाज के साथ मिलकर इस अभियान को एक जनआंदोलन बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।
राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारों ने शासन किया। उन सरकारों ने सीमेंट, लोहा, औद्योगिक उपकरण जैसे अनेक बड़े क्षेत्रों को सरकार के लिए रिजर्व कर दिया। 1991 में लिबराइजेशन और ग्लोबलाइजेशन का दौर आने पर इन क्षेत्रों का निजीकरण किया गया। उसके बाद भी लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन उन्होंने कभी देश के इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के बारे में नहीं सोचा। यूपीए की सरकार के समय देश में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर महज 2.5 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाते थे। लेकिन नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद यह निश्चय किया कि देश का इन्फ्रास्ट्रक्चर वर्ल्ड क्लास होना चाहिए। मोदी सरकार आज इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हर साल 12 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
सांसद अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लिए जो कदम उठाए हैं, उनके परिणाम दिखाई देने लगे हैं। भारत जापान को पीछे छोड़ कर दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बन चुका है और बहुत जल्द जर्मनी को पीछे छोड़कर हम दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। प्रधानमंत्री के मेक फॉर द वर्ल्ड आह्वान का परिणाम है कि आज हम दुनिया के दूसरे सबसे बड़े मोबाइल निर्माता हैं।
उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर के निर्माण के बाद देश के रक्षा उत्पादन में और वृद्धि होगी। प्रधानमंत्री के प्रयासों से देश में छह सेमीकंडक्टर उत्पादन यूनिट लग रही हैं और जल्द ही गुजरात में स्थापित यूनिट से उत्पादन भी शुरू हो जाएगा।
राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी की डबल इंजन वाली सरकार हरियाणा को तेजी से विकास के रास्ते पर आगे ले जा रही हैं। प्रदेश में विभिन्न परियोजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹2100 की वित्तीय सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों की वार्षिक आय को ₹1.80 लाख तक बढ़ाना है। कृषि और किसान कल्याण की योजनाओं से फसल अवशेष प्रबंधन, फसल सुरक्षा और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन जैसी कई योजनाएं कृषि विभाग के तहत चल रही हैं। इसके अलावा प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए अनेक द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
अरुण सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अनेक कार्यक्रमों की रचना की गई है। युवा सम्मेलन, महिला सम्मेलन, विधानसभा सम्मेलन, व्यापारी सम्मेलन जैसे अनेक कार्यक्रम पूरे देश में किए जा रहे हैं।
Girish Saini 

