प्री-आरडी कैंप के लिए एमडीयू में एनएसएस स्वयंसेवकों का चयन शुरू

प्री-आरडी कैंप के लिए एमडीयू में एनएसएस स्वयंसेवकों का चयन शुरू

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में प्री-रिपब्लिक डे (प्री-आरडी) कैंप के लिए एनएसएस स्वयंसेवकों के चयन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हुई। तीन दिवसीय चयन प्रक्रिया में विवि के विभिन्न विभागों के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

चयन के दौरान स्वयंसेवकों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन, व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, परेड कौशल और सांस्कृतिक प्रतिभा का मूल्यांकन किया जा रहा है। चयनित स्वयंसेवकों को प्री-आरडी कैंप में एमडीयू का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के शिविर विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने के साथ उन्हें विभिन्न राज्यों के स्वयंसेवकों से संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर देते हैं। इससे टीम भावना, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है। चयन प्रक्रिया में डॉ. गुरदयाल सिंह, डॉ. विकास और डॉ. नीतू सहित एनएसएस अधिकारी मौजूद रहे।