एनएसओ सर्वेक्षण में सही जानकारी देकर सहयोग करें चयनित परिवार व प्रतिष्ठानः उपायुक्त
नीति निर्माण और विकास योजनाओं का आधार बनते हैं सर्वेक्षण के आंकड़े, सभी सूचनाएं रहेंगी गोपनीय
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने नागरिकों एवं प्रतिष्ठानों से राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के सर्वेक्षणों में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के लिए चयनित परिवार एवं प्रतिष्ठान अधिकारियों को सही, सटीक और पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं, क्योंकि इन आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं एवं सरकारी नीतियों का निर्माण किया जाता है।
उपायुक्त ने बताया कि नवंबर 2026 के दौरान जिले में एनएसओ के क्षेत्रीय संकाय भाग (एफओडी) द्वारा विभिन्न सामाजिक-आर्थिक विषयों पर सर्वेक्षण किए जा रहे हैं। इनमें आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, असंगठित क्षेत्र उद्यम सर्वेक्षण, राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक, ऋण एवं निवेश, प्रवासन और सेवा क्षेत्र से जुड़े सर्वेक्षण शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित अधिकारी सुरक्षित डिजिटल उपकरणों एवं अधिकृत वेब पोर्टल के माध्यम से जानकारी जुटा रहे हैं। सर्वेक्षण में दी गई सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए होता है। किसी रिपोर्ट में व्यक्तिगत पहचान उजागर नहीं की जाती। डीसी ने कहा कि जनसहयोग से प्राप्त विश्वसनीय आंकड़े बेहतर नीति निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी बनाने में सहायक होंगे।

Girish Saini

