गुजवि कुलसचिव डॉ. विजय कुमार 'उन्नत भारत सेवा श्री पुरस्कार 2025' के लिए चयनित

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार को उनके उत्कृष्ट शोध कार्य, शिक्षण अनुभव और अकादमिक नेतृत्व के लिए 25वें 'उन्नत भारत सेवा श्री पुरस्कार 2025' के लिए चुना गया है। चयन समिति के सदस्य प. प्रमोद कौशिक ने कुलसचिव डॉ. विजय कुमार से मिलकर उन्हें इस सम्मान के लिए आमंत्रित किया। यह सम्मान अगस्त माह में नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि डॉ. विजय कुमार 13 वर्षों से स्नातक तथा परास्नातक स्तर पर अध्यापन कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में 24 विद्यार्थियों ने विज्ञान प्रोजेक्ट पूरे किए हैं तथा तीन शोधार्थियों ने पीएचडी पूरी की है, जबकि तीन अन्य शोध कार्यरत हैं। डॉ. विजय कुमार की विशेषज्ञता सामग्री विज्ञान (मैटेरियल साइंस) में है और उनके शोध कार्यों को 500 से अधिक उद्धरण प्राप्त हो चुके हैं। उनका एच-इंडेक्स 13 और एक्स आई10-इंडेक्स 14 है। उन्होंने कई राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में अनुसंधान पत्र प्रकाशित किए हैं। वर्ष 2021 में कुरुक्षेत्र विवि द्वारा उन्हें 'श्रेष्ठ शोधकर्ता सम्मान' से नवाजा गया। कोविड महामारी की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन ऑडिट टीम के सदस्य के रूप में उल्लेखनीय सेवा के लिए कुरुक्षेत्र के उपायुक्त द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।