हरियाणा के सरकारी दफ्तरों को देखकर ऐसा लगता है प्रदेश सरकार विहीन हो गया: दीपेन्द्र हुड्डा

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने की रोहतक में आयोजित अनेक कार्यक्रमों में शिरकत। 

हरियाणा के सरकारी दफ्तरों को देखकर ऐसा लगता है प्रदेश सरकार विहीन हो गया: दीपेन्द्र हुड्डा

रोहतक, गिरीश सैनी। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा शनिवार को रोहतक के कई सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए इस दौरान उन्होंने संजय कॉलोनी स्थित गाँधी कुष्ट आश्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ती का अनावरण किया। दीपेन्द्र हुड्डा ने भिवानी में रविवार को होने वाले विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम का न्योता भी दिया और कहा कि नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में चल रहा विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम गठबंधन सरकार का विदाई समारोह है। उन्होंने कहा कि गत 3 दिनों से हरियाणा में सरकार जाम हो गयी है। क्लर्कों की हड़ताल के कारण न तो सरकारी दफ्तर में कोई फाईल निकली है न ही कोई रजिस्ट्री  हुई है। हरियाणा के सरकारी दफ्तरों को देखकर ऐसा लगता है प्रदेश सरकार विहीन हो गया है। जनता दर-दर की ठोकर खा रही है। लेकिन, सरकार क्लर्कों की हड़ताल खत्म करने के कोई प्रयास नहीं कर रही है। दीपेन्द्र हुड्डा ने मांग की कि सरकार तुरंत क्लर्कों से बात करे और उनकी जायज मांगों को माने। उनकी हड़ताल खत्म कराकर जनता को राहत दे।

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि सरकार के काम को सुचारू रूप से चलाने और सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में लिपिक (क्लर्क) कर्मचारी वर्ग का बहुत महत्वपूर्ण योगदान होता है। लेकिन दुख की बात है कि हरियाणा में क्लर्क वर्ग को ही अपने काम के अनुरूप सम्मानजनक बेसिक-पे हासिल करने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकार को जल्द से जल्द बिना किसी भेदभाव किये उनकी बात सुननी चाहिये। हरियाणा में हर महकमे में हजारों पद खाली पड़े हैं। पूरे हरियाणा में करीब 2 लाख सरकारी पदों के खाली होने के चलते विभागों में स्टाफ पूरा नहीं है। ऐसे में सरकारी काम-काज पहले ही प्रभावित हो रहा था अब कर्मचारियों की हड़ताल के चलते आम लोग अपना काम कराने के लिये धक्के खाने को मजबूर है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों के कारण पहले से काम कर रहे सरकारी कर्मचारियों पर काम का अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है, जिसके चलते वो तनाव, डिप्रेशन जैसी बीमारियों के शिकार भी हो रहे हैं। 3 दिनों से हड़ताल के चलते अपना काम लेकर विभिन्न कार्यालयों में आ रहे लोगों को बैरंग वापिस लौटना पड़ रहा है।

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी जहां अन्य विपक्षी दलों द्वारा शासित राज्यों में 'ऑपरेशन लोटस' चला कर सरकारों को अस्थिर कर रही है, तो वहीं हरियाणा एक मात्र ऐसा राज्य है जहां बीजेपी सरकार होने के बावजूद 'ऑपरेशन रिवर्स लोटस' चल रहा है। इसका प्रमाण ये है कि पिछले चंद महीनों में ही हरियाणा में 29 पूर्व विधायक/पूर्व मंत्री भाजपा, जजपा, इनेलो व आप पार्टी छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। इनमें सत्ताधारी दल बीजेपी जेजेपी को छोड़कर आने वाले पूर्व विधायक/पूर्व मंत्री बड़ी संख्या में शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में बदलाव की हवा चल रही है और चुनाव होते ही ये आंधी का रूप ले लेगी एवं मौजूदा गठबंधन सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।