धनतेरस-दीपावली पर रोहतक के बाजारों में सुरक्षा कड़ी
सीआईए और महिला पुलिस की टीमें कर रही गश्त, प्रमुख बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी
रोहतक, गिरीश सैनी। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर रोहतक पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पैदल गश्त के साथ विशेष नाकाबंदी की जा रही है। आधुनिक हथियारों से लैस त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) की टीमें भी अलग-अलग स्थानों पर तैनात की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने बताया कि सुरक्षा के लिए जिले की अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है। सीआईए की टीमें लगातार गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखेंगी। महिला पुलिसकर्मियों को भी बाजारों में तैनात किया गया है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रेलवे रोड, किला रोड, शोरी मार्केट, बड़ा बाजार, गांधी कैंप मार्केट और डी-पार्क सहित प्रमुख क्षेत्रों में विशेष निगरानी रहेगी।
शहर के होटल, धर्मशालाओं और सराय की भी जांच की जा रही है। यातायात सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
एसपी ने लोगों से अपील की कि किसी लावारिस वस्तु या संदिग्ध वाहन को न छुएं और तुरंत डायल-112 पर सूचना दें। साथ ही निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें और यातायात नियमों का पालन करें।

Girish Saini

