यूएचएसआर हेल्थ बुलेटिन का दूसरा अंक जारी
स्वस्थ हरियाणा के संकल्प को मिलेगी नई उड़ानः कुलपति डॉ. अग्रवाल
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर), रोहतक ने प्रदेश को स्वस्थ और सक्षम हरियाणा बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की है। विवि द्वारा प्रकाशित यूएचएसआर हेल्थ बुलेटिन के दूसरे अंक का शुक्रवार को कुलपति कार्यालय में कुलपति प्रो. डॉ. एच.के. अग्रवाल ने लोकार्पण किया।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के स्वस्थ हरियाणा के सपने को साकार करने के लिए जरूरी है कि आमजन को प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा संस्थान में उपलब्ध आधुनिक तकनीकों, सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी हो। उन्होंने कहा कि यह बुलेटिन महज एक प्रकाशन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता का माध्यम है, जो पीजीआईएमएस की उपलब्धियों और नई पहलों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएगा।
कुलपति ने बताया कि पहले अंक को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए अब बुलेटिन का प्रकाशन हर तिमाही किया जाएगा। इसकी डिजिटल प्रति विवि वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि इलाज से भी बड़ा विश्वास है और विश्वास सही जानकारी से पैदा होता है। यह बुलेटिन पीजीआईएमएस और समाज के बीच एक प्रभावी सेतु का काम करेगा।
डीन छात्र कल्याण डॉ. सविता सिंघल के दिशा-निर्देशन में तैयार दूसरे अंक में अप्रैल से जून 2026 तक की संस्थागत गतिविधियों को शामिल किया गया है, जिसमें प्रमुख रूप से विभिन्न विभागों की उपलब्धियां, सफल सर्जरी, नए पाठ्यक्रम, शोध, अकादमिक गतिविधियां, फैकल्टी उपलब्धियां, चिकित्सा सेवाएं, नई परियोजनाएं, छात्र गतिविधियां, विभागीय डायरी और नए समझौते शामिल हैं। साथ ही बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी जानकारी भी दी गई है।
कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि चिकित्सा विवि का दायित्व केवल डॉक्टर तैयार करना ही नहीं, बल्कि अपनी गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी समाज तक पहुंचाना भी है। निदेशक पीजीआईएमएस डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि बुलेटिन मरीजों के लिए एक संस्थान गाइड की तरह उपयोगी साबित होगा। इस दौरान डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ, डीन डॉ. अशोक चौहान, डॉ. उर्मिल चावला, डॉ. रूचि सिंघल, डॉ. आरती, डॉ. वरूण अरोडा, डॉ. उमेश यादव सहित एडिटोरियल बोर्ड के सभी सदस्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

