एसडीएम ने समाधान शिविर में सुनी नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निपटारे के निर्देश

एसडीएम ने समाधान शिविर में सुनी नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निपटारे के निर्देश

रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय और उपमंडल मुख्यालयों पर सोमवार को आयोजित समाधान शिविरों में नागरिकों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका समयबद्ध एवं उचित निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित शिविर में एसडीएम आशीष कुमार, नगराधीश शुभम, डीएसपी दलीप सिंह और डीडीपीओ राजपाल चहल ने लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों को शिकायतें लंबित न रखने और शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसडीएम आशीष कुमार ने बताया कि हर सोमवार और वीरवार सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय तथा सांपला और महम उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। नागरिक साधारण कागज पर अपनी शिकायत देकर सुनवाई करा सकते हैं। पढ़ने-लिखने में असमर्थ लोगों की सहायता के लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं। शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।