एसडीएम आशीष कुमार ने छूटे हुए मतदाताओं को हर हाल में ट्रेस करने के निर्देश दिए

एएसडीडी सूची का दोबारा गहन सत्यापन करने के निर्देश।

एसडीएम आशीष कुमार ने छूटे हुए मतदाताओं को हर हाल में ट्रेस करने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक के उपमंडल अधिकारी (ना.) आशीष कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए सुपरवाइजर को अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

एसडीएम आशीष कुमार ने इस संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान जिन मतदाताओं का अभी तक सत्यापन नहीं हो पाया है अथवा जो किसी कारणवश नहीं मिल सके हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पुन: ट्रेस किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का सत्यापन सुनिश्चित करना निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाता सूची की शुद्धता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि एएसडीडी श्रेणी में शामिल सभी मतदाताओं का दोबारा गहन सत्यापन किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से प्रभावित न हो और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार चिन्हित किया जा सके।

एसडीएम ने कहा कि वर्ष 2002 की मतदाता सूची में जिन व्यक्तियों के नाम दर्ज नहीं हैं, उन्हें भी पुन: खोजने और उनका सत्यापन करने का कार्य गंभीरता से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को पूर्णत: सटीक, अद्यतन एवं त्रुटि रहित बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक स्तर पर सावधानीपूर्वक कार्य किया जाए। बैठक में एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न करें।