एसडीएम आशीष कुमार ने अनाज मंडियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए

एसडीएम आशीष कुमार ने अनाज मंडियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपमंडलाधीश आशीष कुमार ने स्थानीय नई अनाज मंडी में सुविधाओं का अवलोकन किया तथा मार्केट कमेटी व अन्य संबंधित विभागों व एजेंसियों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने इसके बाद कलानौर में मुख्य सीवर लाइन की मरम्मत के कार्य का भी जायजा लिया तथा अधिकारियों को वर्षा ऋतु से पूर्व इस कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए।

एसडीएम आशीष कुमार ने स्थानीय नई अनाज मंडी में उपलब्ध करवाई गई मूलभूत सुविधाओं के तहत सडक़ें, पेयजल, शौचालय, अटल कैंटीन के अलावा मंडी आढ़तियों के पास झरने, तिरपाल इत्यादि का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि आगामी एक अप्रैल से शुरू हो रहे रबी खरीद सीजन के दृष्टिगत अनाज मंडी में किसानों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा मंडी परिसर में सड़कों पर किए गए पैच वर्क इत्यादि का भी जायजा लिया। उन्होंने आढ़तियों से संवाद करते हुए कहा कि वे फसल की सफाई के लिए झरने की व्यवस्था करें तथा तिरपाल की उपलब्धता भी सुनिश्चित करें।

उपमंडलाधीश ने कलानौर शहर में एक करोड़ 20 लाख रुपये की धनराशि से जारी मुख्य सीवर लाइन की मरम्मत के कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सीवर लाइन के हिस्सों की मरम्मत के कार्य को जल्द से जल्द से वर्षा ऋतु से पूर्व पूर्ण करवाया जाये। उन्होंने कहा कि कलानौर के मेडिकल मोड से लेकर एसटीपी तक सीवर लाइन की सफाई करवाई जाये ताकि वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव न हो। इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता शिवराज, कार्यकारी अभियंता रोहित, रोहतक मार्केट कमेटी के सचिव दीपक लोहचब सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।