एसडीएम और नगराधीश ने समाधान शिविर में सुनी नागरिकों की समस्याएं, समयबद्ध निपटारे के निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में वीरवार को जिला मुख्यालय सहित उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविरों में नागरिकों की विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं सुनी गईं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके समयबद्ध व उचित निपटारे के निर्देश दिए गए।
लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित शिविर में उपमंडलाधीश आशीष कुमार और नगराधीश शुभम ने नागरिकों की शिकायतें सुनते हुए कहा कि सरकार के निर्देशानुसार नागरिकों को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं।
एसडीएम आशीष कुमार ने लंबित और दोबारा खोली गई शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उनका तत्काल निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहें, ताकि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया मौके पर ही शुरू की जा सके। अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से निपटाकर उन्हें संतुष्ट करने के भी निर्देश दिए गए। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

