स्कूली शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींवः कुलपति प्रो. विजय कुमार

जीजेयू में बीएड समेत छह शिक्षा पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन आज से।

स्कूली शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींवः कुलपति प्रो. विजय कुमार

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव स्कूली शिक्षा से तैयार होती है। गुणवत्तापूर्ण विद्यालयी शिक्षा के लिए दक्ष शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

प्रो. विजय कुमार ने रविवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएड, एमएड, बीएड-एमएड (इंटीग्रेटेड), बीएड (पार्ट टाइम), बीएलएड और बीएड (शिक्षा शास्त्री) पाठ्यक्रमों के प्रवेश पोर्टल का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रवेश विवरणिका का भी विमोचन किया। उन्होंने बताया कि सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इच्छुक अभ्यर्थी 14 से 29 सितंबर तक विवि की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने बताया कि जीजेयू से 11 शिक्षण महाविद्यालय संबद्ध हैं। ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए प्रवेश पोर्टल को अपग्रेड किया गया है।

महाविद्यालयों के अधिष्ठाता प्रो. विकास वर्मा ने बताया कि आवेदकों का संभावित स्कोर 30 सितंबर को जारी होगा। आवेदन में संशोधन 1 से 4 अक्टूबर तक किया जा सकेगा और 5 अक्टूबर को मेरिट सूची जारी होगी। प्रथम ऑनलाइन काउंसलिंग 6 अक्टूबर तथा दूसरी काउंसलिंग 12 अक्टूबर को होगी। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है।