स्कूली बच्चों ने गुरु पर्व की पूर्व संध्या पर किया गुरुद्वारा सोमा शाह का भ्रमण

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर कीर्तन समागम आज।

स्कूली बच्चों ने गुरु पर्व की पूर्व संध्या पर किया गुरुद्वारा सोमा शाह का भ्रमण
Source: IANS

रोहतक, गिरीश सैनी। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर स्थानीय डीएलएफ कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा बाबा सोमा शाह में मंगलवार को विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को गुरु पर्व की महत्ता तथा प्रथम सिख गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के जीवन से से अवगत कराना था।

हेड ग्रंथी भाई गुरजीत सिंह ने स्कूली बच्चों को सिख पंथ के समृद्ध इतिहास व परंपराओं तथा गुरू साहिबानों की शिक्षाओं के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को शांति, दया और समानता का संदेश दिया। नन्हे बच्चों ने शब्द कीर्तन सुना और स्वयं भी नाम जाप किया। दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद बच्चों ने अरदास की। सभी बच्चों को प्रसाद वितरित किया गया।

इस दौरान, लिटिल स्कॉलर्स स्कूल के नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के लगभग 75 बच्चों ने कीर्ति व अन्य शिक्षकों के नेतृत्व में गुरुद्वारे का भ्रमण किया। वहीं, आई.पी.एस. सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्री नर्सरी से चौथी कक्षा तक के लगभग 220 बच्चे गीतू, आरती, गीता व अन्य शिक्षकों की अगुवाई में पहुंचे। इस भ्रमण को लेकर सभी बच्चे उत्साहित नजर आए। इस दौरान हजूरी रागी बीबा मनजोत कौर, वीरेंद्र गोसाईं, इशिता भाटिया, मनीष बजाज, पीयूष, प्रीति, कपिल आदि मौजूद रहे।

 

बॉक्स-

वहीं, गुरु पर्व के उपलक्ष्य में प्रतिदिन तड़के श्रद्धालुओं द्वारा निशान साहिब की अगुआई में प्रभात फेरी निकालने का सिलसिला भी जारी है। संगत पूरे जोशो खरोश के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में फेरी निकालकर गुरु की महिमा का बखान कर रही है। जगह-जगह लोगों द्वारा पुष्प वर्षा द्वारा फेरी का स्वागत किया गया और प्रसाद वितरित किया जा रहा है। हेड ग्रंथी भाई गुरजीत सिंह ने बताया कि गुरु पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार, 5 नवंबर को आयोजित भव्य कीर्तन समागम में हजूरी रागी बीबा मनजोत कौर, भाई त्रिलोक सिंह (यूएसए वाले) और बीबीयां दा जत्था शब्द कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे।