स्लोगन लेखन में सावी, भाषण प्रतियोगिता में चंचल और पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन में ख़ुशी ने बाज़ी मारी
सांपला, गिरीश सैनी। शहीद राय सिंह राजकीय महाविद्यालय, सांपला में आयोजित एनसीओआरडी जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. परमभूषण आर्य ने किया। इस दौरान आयोजित भाषण, स्लोगन लेखन तथा पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में जिले के 15 महाविद्यालयों से प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्राचार्य डॉ. परमभूषण आर्य ने स्वागत संबोधन किया तथा विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे यह संकल्प लें कि न तो स्वयं नशा करेंगे और न ही किसी अन्य को नशा करने के लिए प्रेरित करेंगे।
नशा जागरूकता कार्यक्रम प्रभारी डॉ. दीपक लठवाल ने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। भाषण प्रतियोगिता में डॉ. अभिलाषा रोहिल्ला, डॉ. कविता आनंद व डॉ. उमेश, स्लोगन लेखन में डॉ. रजनी, डॉ. इंदु व प्रीति तथा पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन में डॉ. अजय कुमार, डॉ. नवीन डांगी व डॉ. आशा रानी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
स्लोगन लेखन में वैश्य कॉलेज रोहतक की सावी प्रथम, गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज रोहतक के करण ने दूसरा और, एसआरएस राजकीय महाविद्यालय सांपला की दीपांशी ने तीसरा स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में राजकीय कन्या महाविद्यालय सांपला की चंचल प्रथम, एसआरएस राजकीय महाविद्यालय सांपला की दीपांशी दूसरे और राजकीय कन्या महाविद्यालय रोहतक की नंदिनी तीसरे स्थान पर रही। पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन में राजकीय कन्या महाविद्यालय रोहतक की ख़ुशी ने प्रथम, एनआरएस राजकीय महाविद्यालय रोहतक की खुशी ने दूसरा और राजकीय कन्या महाविद्यालय लाखन माजरा की मुस्कान ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंत में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया। इस दौरान सभी स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

