एचपीएससी की कमान अब सतीश कुमार के हाथ, आलोक वर्मा की विदाई

पूर्व एचसीएस अधिकारी ने संभाली आयोग की जिम्मेदारी, राज्यपाल ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

एचपीएससी की कमान अब सतीश कुमार के हाथ, आलोक वर्मा की विदाई

चंडीगढ़, गिरीश सैनी। हरियाणा में सरकारी भर्तियों की जिम्मेदारी संभालने वाले हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) को नया अध्यक्ष मिल गया है। सतीश कुमार ने वीरवार को आयोग के अध्यक्ष पद की शपथ लेकर कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने आलोक वर्मा की जगह ली है, जिनका छह साल का कार्यकाल पूरा हो गया है।

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने हरियाणा लोक भवन में सतीश कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण और पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां मौजूद रहे। नवनियुक्त अध्यक्ष के परिजन भी इस दौरान मौजूद रहे।

हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) के पूर्व अधिकारी सतीश कुमार इससे पहले आयोग में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली है। एचपीएससी प्रदेश में विभिन्न सरकारी पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं आयोजित करता है।