सरदार पटेल अखंड भारत के शिल्पी और राष्ट्रीय एकता के सूत्रधारः डॉ. अरविंद शर्मा
देश व प्रदेश के हर कोने में निकलेगी -सरदार@150 यूनिटी मार्च पदयात्रा।

रोहतक, गिरीश सैनी। अखंड भारत' के शिल्पी सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भाजपा रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के तहत पदयात्राओं का आयोजन करेगी। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने सभी नागरिकों से सरदार पटेल के आदर्शों का अनुसरण करते हुए देश की एकता और सुरक्षा को बनाए रखने में अपना सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ये अभियान युवा पीढ़ी को देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित करेगा।
सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के रूप में भव्य तरीके से मनायेगी। इस दौरान प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
डॉ अरविंद शर्मा ने कहा सरदार पटेल को अखंड भारत का शिल्पी बताया। उन्होंने कहा कि उनकी दूरदर्शिता के कारण ही आज देश एकजुट है। सरदार पटेल ने अपनी सूझबूझ और दृढ़ इच्छाशक्ति से 563 से अधिक रियासतों को भारतीय गणराज्य में शामिल कर देश को एकजुट किया।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सरदार@150 यूनिटी मार्च के तहत प्रदेश के हर लोकसभा व विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा निकाली जाएगी, जिनकी दूरी 8 से 10 किलोमीटर होगी। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को सरदार पटेल के जीवन और राष्ट्रीय एकता में उनके योगदान के बारे में जागरूक करना और देश की एकता व अखंडता के प्रति संकल्प लेना है। 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती के दिन, सभी जिलों में रन फॉर यूनिटी का भव्य आयोजन किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि सरदार पटेल की जयंती से जुड़े सभी कार्यक्रम वोकल फॉर लोकल की थीम पर केंद्रित होंगे। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को एक भारत, श्रेष्ठ भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान स्वदेशी मेलों के अलावा योग व स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।