सरदार पटेल ने रियासतों को जोड़कर रखी अखंड भारत की नींवः डॉ अरविंद शर्मा

रन फॉर यूनिटी में युवाओं के साथ दौड़े कैबिनेट मंत्री

सरदार पटेल ने रियासतों को जोड़कर रखी अखंड भारत की नींवः डॉ अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी थी। युवाओं को राष्ट्रीय एकता और अखंडता मजबूत करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

वे शनिवार को सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर राजीव गांधी खेल परिसर में आयोजित रन फॉर यूनिटी में बोल रहे थे। उन्होंने युवाओं, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के साथ दौड़ लगाई तथा राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

इस दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए डॉ. शर्मा ने सवाल किया कि लोकसभा चुनाव में हरियाणा की पांच सीटें जीतने पर कांग्रेस को ईवीएम और चुनाव आयोग पर भरोसा था, लेकिन विधानसभा चुनाव में हार के बाद लोकतंत्र खतरे में कैसे आ गया? उन्होंने कहा कि वोट चोरी के आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए। लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है और जनता ही विपक्ष को उसकी राजनीति का जवाब देगी।

जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा और उपायुक्त सतबीर सिंह ने भी अपने संबोधन में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया।