संत रविदास के समता संदेश आज भी प्रासंगिकः सुभाष आहूजा
हिंदू कॉलेज में विस्तार व्याख्यान आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। लाल नाथ हिंदू कॉलेज में हिंदी एवं संगीत विभाग तथा अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में संत शिरोमणि रविदास के 650वें जन्म वर्ष के उपलक्ष्य में विस्तार व्याख्यान आयोजित किया गया।
बतौर मुख्य वक्ता, सुभाष आहूजा ने संत रविदास के जीवन-दर्शन, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रेम, भाईचारे और समानता का उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पुष्पदीप डागर ने विद्यार्थियों से संत रविदास की वाणी और समतामूलक समाज की उनकी अवधारणा को वर्तमान संदर्भ में समझने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को संतों के विचारों से जोड़ना और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना है। हिंदी विभागाध्यक्षा डॉ. अंजू देशवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान प्राध्यापक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini

