संस्कृत कवि और समीक्षक प्रो. अलंकार को वाल्मीकि सम्मान

संस्कृत कवि और समीक्षक प्रो. अलंकार को वाल्मीकि सम्मान

चण्डीगढ: दिनांक 24.2.2022 को चण्डीगढ के टैगोर थियेटर में आयोजित एक साहित्यिक सम्मान समारोह में हरियाणा प्रदेश के साहित्यकारों को स्वयं मुख्यमन्त्री श्री मनोहर लाल ने सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्कृत-जगत् के प्रसिद्ध कवि और लेखक, पंजाब विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के आचार्य तथा अध्यक्ष प्रो. वी.के. अलंकारको वर्ष 2020 के लिए महर्षि वाल्मीकि सम्मान प्रदान किया गया है। प्रो. अलंकार विगत 32 वर्षों से पंजाब विश्वविद्यालय में संस्कृत सम्बन्धी लेखन में व्यस्त हैं। अनेक संस्कृत काव्य और वेद, व्याकरण, दर्शन सम्बन्धी ग्रन्थ प्रो. अलंकार ने साहित्यजगत् को दिए हैं। इससे पहले प्रो. अलंकार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में कार्यरत थे। इससे पूर्व भी हरियाणा संस्कृत अकादमी प्रो. अलंकार को सम्मानित कर चुकी है। हरियाणा संस्कृत अकादमी के निदेशक डॉ. दिनेश शास्त्री जहाँ संस्कृत के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं, वहीं संस्कृत आचार्यों के सम्मान के लिए भी अनेक प्रकल्पों की खोज में रहते हैं। पंजाब विश्वविद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि इस साहित्यिक पर्व पर विश्वविद्यालय के ही तीन अन्य विद्वान् प्रो. जगदीश प्रसाद सेमवाल (पूर्व अध्यक्ष, साधु आश्रम होश्यारपुर), संस्कृत विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. वेद प्रकाश उपाध्याय तथा डॉ. विक्रम कुमार को भी हरियाणा संस्कृत अकादमी द्वारा सम्मान प्रदान किया गया है।