महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल में प्रेम विज और डॉ. सरिता मेहता का जन्मदिवस धूमधाम से मनाया गया
चण्डीगढ़, 14 नवंबर, 2026 : महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल, एमडीएवी भवन, दरिया में आज 'नवचेतना दिवस एवं बाल काव्य गोष्ठी' का आयोजन हर्षोल्लास, साहित्यिक गरिमा एवं सांस्कृतिक उत्साह के साथ किया गया। राज विज और डॉ. संगीता शर्मा कुंद्रा गीत की उपस्थिति में सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. सरिता मेहता एवं प्रेम विज का जन्मदिवस विशेष रूप से मनाया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने दोनों साहित्यकारों की रचनाओं का काव्यपाठ कर अपनी साहित्यिक प्रतिभा और रचनात्मक अभिव्यक्ति का परिचय दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों को मंच पर सादर आमंत्रित किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने संगीतज्ञ सुभाष चन्द्र के मार्गदर्शन में स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय एवं संगीतमय बना दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्कूल बैंड ने भी कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने स्वागत एवं अभिनंदन भाषण के माध्यम से अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि साहित्यकार समाज की वैचारिक चेतना के संवाहक होते हैं। उनके जन्मदिवस को विद्यार्थियों के बीच साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के रूप में मनाना नई पीढ़ी को साहित्य, संस्कार और रचनात्मकता से जोड़ने की सार्थक पहल है।
समारोह का विशेष आकर्षण अतिथियों का सम्मान, जन्मदिवस के उपलक्ष्य में केक काटना तथा बाल कवियों द्वारा प्रस्तुत विशेष काव्य गोष्ठी रही। विद्यार्थियों ने डॉ. सरिता मेहता एवं प्रेम विज की रचनाओं का भावपूर्ण एवं प्रभावशाली पाठ किया। बच्चों की प्रस्तुतियों में साहित्य के प्रति लगाव, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की सुंदर झलक दिखाई दी। इस अवसर पर दोनों साहित्यकारों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। प्रेम विज ने कहा कि बच्चों में कविता और साहित्य के प्रति रुचि विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। डॉ सरिता मेहता ने कहा कि बाल्यावस्था से ही साहित्यिक संस्कार मिलने पर बच्चों की भाषा, कल्पनाशक्ति और संवेदनशीलता का विकास होता है।
कार्यक्रम में संगीतज्ञ सुभाष चन्द्र ने प्रेम विज द्वारा रचित गीत का सुमधुर गायन प्रस्तुत किया, जिसने समारोह को एक विशेष संगीतमय रंग प्रदान किया। इसके पश्चात वाइस प्रिंसिपल डॉ. अंजु मोदगिल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल किताबी शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए साहित्य, संगीत, कला और संस्कृति को भी समान महत्व देता है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा साहित्यिक व्यक्तित्वों से प्रेरणा प्राप्त करने का अवसर देते हैं।

City Air News

