हिंदी विभाग की दो महान विभूतियों की स्मृति में कक्षों का नामकरण
चंडीगढ़, 4 नवंबर, 2026: पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के हिंदी विभाग ने हिंदी साहित्य और अकादमिक जगत की दो महान विभूतियों के योगदान को स्मरण करते हुए विभाग के दो महत्वपूर्ण कक्षों के नामकरण किए हैं। विभाग के स्मार्ट रूम का नाम ‘आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी स्मार्ट कक्ष’ तथा विभाग के पुस्तकालय का नाम ‘डॉ. इंद्रनाथ मदान पुस्तकालय’ रखा गया है।
इस अवसर पर हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रोफ़ेसर गुरमीत सिंह ने कहा कि विभाग की महान साहित्यिक एवं अकादमिक परंपरा से जुड़ी विभूतियों को स्मरण करना और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस प्रकार के कार्यक्रम और गतिविधियाँ विद्यार्थियों तथा शोधार्थियों के लिए प्रेरणादायक होती हैं।
उन्होंने कहा कि आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी और डॉ. इंद्रनाथ मदान का हिंदी साहित्य तथा हिंदी विभाग के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके साहित्यिक, शैक्षणिक और बौद्धिक योगदान को सदैव स्मरण किया जाता रहेगा। उनके नाम पर विभाग के कक्षों का नामकरण उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने का भी एक सार्थक प्रयास है।

City Air News

