सांझी उत्सवः समचाना की रेखा की सांझी को मिला 51000 का पहला ईनाम

रोहतक, गिरीश सैनी। तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांझी उत्सव-2025 एवं प्रतियोगिता के तीसरे दिन भी महिलाओं ने पूरे जोश और उल्लास के साथ सांझी बनाई। साथ ही और रंगारंग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
बतौर मुख्य अतिथि, पद्मश्री महाबीर गुड्डू और विशेष अतिथि के रूप में मीडिया कर्मी सोनल दहिया ने शिरकत की। कविता नांदल ने फोक डांस प्रस्तुत किया। राघवेंद्र मलिक और सुरेंद्र नरवाल की एंडी विरासत (हिंडोला संग्रह) को भी दर्शकों ने बड़ी रुचि से देखा और सराहा। डॉ. रमाकांता, अर्चना सुहासिनी और शक्ति सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
हरियाणा लोक कला संघ, रोहतक द्वारा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा के सहयोग से आयोजित इस सांझी प्रतियोगिता में 51000 रुपए का प्रथम पुरस्कार गांव समचाना की रेखा ने जीता। 31000 रुपए का दूसरा पुरस्कार जनता कॉलोनी, रोहतक की कौशल्या और 21000 रुपये का तीसरा पुरस्कार सिंहपुर गांव की मौसम ने जीता। इनके अलावा साक्षी, स्वीटी, सीता, निशा, अनामिका, निशा गुप्ता, मोनिका शर्मा, नमिता मान, चंचल, और रितु को 2100- 2100 रुपए के सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।