सफाई कर्मचारियों को हर माह 7 तारीख तक मिले वेतन, ईएसआई व पीएफ का लाभ
सीवर सफाई केवल आधुनिक मशीनों से कराने के निर्देश, सुरक्षा उपकरण और आयुष्मान कार्ड भी सुनिश्चित करने को कहा
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह पलाका ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण सफाई कर्मचारियों व चौकीदारों को न्यूनतम वेतन हर माह की 7 तारीख तक दिया जाए। ईएसआई, पीएफ, बोनस और जोखिम भत्ते का लाभ भी समय पर सुनिश्चित किया जाए।
लघु सचिवालय में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में अध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को आधुनिक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं। सीवर और गंदे नालों की सफाई के लिए किसी कर्मचारी को सीधे अंदर न उतारा जाए, बल्कि यह कार्य आधुनिक मशीनों से कराया जाए।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने, भारतीय स्टेट बैंक में खाते खुलवाकर बीमा कराने और हर छह माह में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए। ग्रामीण सफाई कर्मचारी की मृत्यु होने पर अनुग्रह योजना के तहत परिवार के पात्र सदस्य को नियुक्ति देने तथा कर्मचारियों की शिकायतों का 15 दिन में निपटारा करने को कहा।
आयोग ने महिला कर्मचारियों के लिए चेंजिंग रूम, शेड, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था करने तथा रिक्त पद भरने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त सतबीर सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने निर्देशों की पालना और कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने का आश्वासन दिया।

Girish Saini

