सांपला नगर पालिका सामान्य चुनाव- प्रत्याशी 28 अप्रैल तक वापस ले सकते है नामांकन पत्रः रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पवार
प्रधान पद के लिए कुल 15 एवं 16 वार्ड सदस्यों के लिए कुल 50 प्रत्याशियों ने भरे नामांकन।
सांपला, गिरीश सैनी। सांपला की उपमंडलाधीश एवं नगर पालिका सांपला के सामान्य चुनाव की रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पवार ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन प्रधान पद के लिए 5 प्रत्याशियों तथा सदस्य के पदों के लिए 7 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 27 अप्रैल को सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी तथा 28 अप्रैल को सायं 3 बजे तक उम्मीदवार नामांकन वापस लें सकेंगे। इसी दिन सायं 3 बजे के बाद चुनाव मैदान में रहने वाले उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे तथा मतदान केंद्रों की सूची चस्पा की जाएगी।
रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि 10 मई (रविवार) को सुबह 8 से सायं 6 बजे तक नगर पालिका सांपला के सामान्य चुनाव के लिए मतदान होगा तथा 13 मई 2026 को प्रात: 8 बजे से निर्धारित स्थानों पर मतगणना शुरू की जाएगी। मतगणना संपन्न होने के तुरंत बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
सांपला नगर पालिका के सामान्य चुनाव 2026 के चुनाव कार्यक्रम के अनुसार प्रधान पद के लिए कुल 15 प्रत्याशियों तथा वार्ड सदस्यों के लिए कुल 50 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किये हैं।
नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल करने वालों में रजनी पत्नी प्रवीण कुमार, राम निवास पुत्र जगन्नाथ, राहल चौधरी पुत्र शमशेर सिंह, शीतल पत्नी अनिल कुमार तथा अंकित पुत्र साहिब सिंह शामिल है। वार्ड सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वालों में वार्ड 1 से रमेश पुत्र हवा सिंह व संगीता पत्नी मोहन लाल, वार्ड 2 से मनीष पुत्र सुरेंद्र, वार्ड 5 से राजरूप पुत्र जिले सिंह, वार्ड 6 से ज्योति पत्नी शिव कुमार, वार्ड 9 से अमित पुत्र सतपाल तथा वार्ड 10 से नेहा पत्नी आकाश शामिल हैं।

Girish Saini 

