बीएमयू में कारगिल विजय दिवस पर शहीदों के बलिदान को याद किया

बीएमयू में कारगिल विजय दिवस पर शहीदों के बलिदान को याद किया

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि के मेडिकल एंड एलाइड हेल्थ साइंस संकाय में कुलपति प्रो. बी.एम. यादव के मार्गदर्शन में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विभागाध्यक्षा डॉ. चारु शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र प्रेम, एकता, कर्तव्य निष्ठा एवं सेवा-भाव की भावना को सुदृढ़ करना तथा कारगिल युद्ध के अमर शहीदों के अद्वितीय बलिदान को याद करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा वीर सैनिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर किया गया। बतौर मुख्य अतिथि, कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और मानव सेवा के मूल्यों को अपनाएं।

विद्यार्थियों ने देशभक्ति से भरपूर सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत व कविता प्रस्तुत कर शहीदों के अद्वितीय साहस और बलिदान को नमन किया। इस दौरान -कारगिल के वीरों को सलाम विषय पर आयोजित लाइव पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता द्वारा सैनिकों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रभावशाली चित्रण किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान डॉ. सोनिया सरोहा, डॉ. ज्योति रानी, डॉ. प्रीति लठवाल, डॉ. प्रीति सांगवान, डॉ. प्रदीप, डॉ. वैशाली, डॉ. साक्षी सहित अन्य शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।